वाराणसी । रेल यात्रियों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने सोमवार को बनारस स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक एवं सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) के साथ स्टेशन परिसर में पेयजल व्यवस्था और स्वच्छता का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने पेयजल की गुणवत्ता की स्वयं जांच कराई। Coliform Kit के माध्यम से पानी के नमूनों में क्लोरीन की मात्रा तथा E. coli/Coliform बैक्टीरिया की जांच की गई। उन्होंने अधिकारियों से नियमित जल परीक्षण, मानक के अनुरूप क्लोरीनेशन और जांच रिपोर्ट के समुचित रख-रखाव की जानकारी ली।

उन्होंने स्टेशन परिसर स्थित पेयजल टंकियों की आंतरिक-बाहरी स्वच्छता, ढक्कन, आसपास की साफ-सफाई और जलापूर्ति उपकरणों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को टंकियों की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सफाई व डिसइंफेक्शन कराने तथा क्लोरीनेशन मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
डीआरएम ने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल यात्रियों की मूलभूत आवश्यकता है। सभी जल स्रोतों और टंकियों की नियमित निगरानी कर यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जाए।







