वाराणसी । सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के विशेष संयोग पर त्रिलोचन महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज से पहुंचे कांवरियों और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा।
इस अवसर पर ग्राम सभा छतारी निवासी एवं पूर्व सैनिक नवीन सिंह की सेवा भावना भी आकर्षण का केंद्र रही। वह पिछले सात वर्षों से त्रिलोचन महादेव मंदिर के पास कांवरियों और श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे का विशाल भंडारा चला रहे हैं। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
नवीन सिंह ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में सैन्य तैनाती के दौरान अमरनाथ यात्रा में आयोजित भंडारों से उन्हें प्रेरणा मिली। सावन में रात के समय कांवरियों को भोजन की परेशानी को देखते हुए उन्होंने सहयोगियों के साथ यह पहल शुरू की थी। पिछले वर्ष करीब 40 से 45 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया था।
मंदिर व्यवस्थापक रविशंकर गिरी ने बताया कि त्रिलोचन महादेव का उल्लेख काशी खंड और स्कंद पुराण में मिलता है। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए। आयोजन में रोहित सिंह, अभिषेक सिंह रघुवंशी, नीरज सेठ, आशु सिंह, चन्द्रेश्वर सिंह सहित सैकड़ों लोगों ने सहयोग किया।








