बलिया । जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने विभिन्न विभागों की वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

मंडी में आवक और आय कम मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र की मंडियों की नियमित निगरानी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। खनन विभाग को प्रवर्तन अभियान तेज कर राजस्व बढ़ाने को कहा गया। विद्युत, स्टांप एवं निबंधन तथा वाणिज्य कर विभाग की कम वसूली पर भी डीएम ने नाराजगी जताई।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगले सप्ताह तक सुधार नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लंबित आवासों की जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। साथ ही एक किस्त मिलने के बावजूद निर्माण शुरू न करने वाले लाभार्थियों की भी जांच होगी।
बाढ़ एवं आपदा से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन कर दो दिन में रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, सीआरओ गुलशन जी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






