बलिया । 19 अगस्त 2026 को बलिया बलिदान दिवस, विजय दिवस एवं शौर्य दिवस की 85वीं स्मृति के अवसर पर कबीरम् समाज और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों व सदस्यों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बुधवार सुबह नौ बजे मान्टेसरी स्कूल के सामने स्थित जिला कारागार पहुंचकर लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय, इंकलाब जिंदाबाद और वीर सेनानी अमर रहें के नारे लगाए।

इस दौरान अमर शहीद राजकुमार बाघ, वीर कुंवर सिंह, रामदहिन ओझा, मुरली मनोहर, डॉ. भीमराव आंबेडकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शेर-ए-बलिया चित्तू पांडेय, पं. महानंद मिश्र, उमाशंकर सोनार, महात्मा गांधी, चंद्रशेखर आजाद, लाल बहादुर शास्त्री और शहीद मंगल पांडेय सहित अन्य महापुरुषों को पुष्प अर्पित कर नमन किया गया। इसके बाद कलेक्ट्रेट स्थित गंगा बहुउद्देशीय सभागार और बापू भवन टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता की गई।

कार्यक्रम के अंत में श्रीराम विहार कॉलोनी स्थित मिश्रा कुंज में कर्मवीर दयाशंकर प्रसाद गुप्त की जयंती धूमधाम से मनाई गई। टीडी कॉलेज के अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. संतोष प्रसाद गुप्त ने बताया कि उनके पिता दयाशंकर प्रसाद गुप्त का जन्म 19 अगस्त 1950 को जंगीपुर, गाजीपुर में हुआ था।

उनका परिवार स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अपनी जमीनें राष्ट्रीय निर्माण के लिए समर्पित कर चुका था। वक्ताओं ने उनके त्याग और योगदान को प्रेरणादायी बताया। इस अवसर पर कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।






