बलिया । रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह की तेरहवीं एवं श्राद्ध कर्म के अवसर पर बुधवार को उनके पैतृक गांव खनवर स्थित आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही क्षेत्रीय लोगों, समर्थकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की भीड़ जुटी रही। लोगों ने दलीय बंधन से ऊपर उठकर दिवंगत विधायक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और श्राद्ध भोज ग्रहण किया।

इस अवसर पर भाजपा सांसद एवं भोजपुरी अभिनेता रवि किशन तथा भोजपुरी कलाकार पवन सिंह ने भी पहुंचकर उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि दी। रवि किशन ने कहा कि उमाशंकर सिंह केवल विधायक नहीं, बल्कि जन-जन के मार्गदर्शक और नायक थे। उनका असामयिक निधन अपूरणीय क्षति है। रसड़ा के विकास के लिए उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।

पवन सिंह ने कहा कि रसड़ा की जनता धन्य है, जिसने उमाशंकर सिंह जैसा जनप्रतिनिधि दिया, जिसने विकास के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई।

तेरहवीं में मंत्री, सांसद, विधायक, एमएलसी, विभिन्न दलों के नेता, समर्थक और हजारों की संख्या में आमजन मौजूद रहे। लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।






