वाराणसी । शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के चिरईगांव स्थित कल्याणम लॉन, रिंग रोड बरियासन में समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जन चौपाल का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अच्छे दिनों का सपना दिखाकर जनता को गुमराह किया। महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और किसानों की समस्याओं से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों, नौजवानों, किसानों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के हितों की अनदेखी कर रही है।
विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध, फर्जी मुकदमों और पुलिस कार्रवाई से पीडीए वर्ग प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आरक्षण और रोजगार के क्षेत्र में पिछड़े-दलित वर्ग के साथ अन्याय किया है। उन्होंने सपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 2027 में भाजपा को हटाकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा सरकार बनानी होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ने की, जबकि संचालन विधानसभा अध्यक्ष अक्षय कुमार यादव ‘बबलू’ ने किया। इस दौरान अवधेश अंबेडकर, हरिशंकर विश्वकर्मा, बालकिशन पटेल, उदय लाल मौर्य, शशि यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।








