वाराणसी । राजातालाब क्षेत्र से तीन दिन पहले घर के बाहर से अपहृत युवती की हत्या का मामला सामने आया है। उसका शव शुक्रवार को रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव स्थित मालवीय इंटर कॉलेज के पीछे एक बंद मकान के ऊपरी तल के बाथरूम में बरामद हुआ। शव पानी में पड़े रहने के कारण बुरी तरह सड़ चुका था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी।

बताया गया कि मकान लंबे समय से बंद था। दुर्गंध फैलने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मकान का दरवाजा खुलवाकर तलाशी ली तो बाथरूम में युवती का शव पड़ा मिला। शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार, युवती का तीन दिन पहले राजातालाब इलाके में घर के बाहर से अपहरण कर लिया गया था। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच और अपहरण व हत्या में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी है।








