Search
Close this search box.

सात दिन से लापता लखनऊ के दरोगा आनंद कुमार मिश्रा प्रयागराज के होटल में सकुशल मिले

लखनऊ । सात दिन से लापता चल रहे इंदिरानगर थाने की तकरोही चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद कुमार मिश्रा को लखनऊ पुलिस ने प्रयागराज के एक होटल से सकुशल बरामद कर लिया। दरोगा के अचानक गायब होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। उनकी तलाश में कई पुलिस टीमें लगाई गई थीं।

पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को आनंद कुमार मिश्रा अपनी कार घर पर छोड़कर कपड़ों से भरा बैग लेकर पैदल निकल गए थे। देर शाम तक उनके ड्यूटी से वापस नहीं लौटने और मोबाइल बंद मिलने पर उनकी पत्नी व सब इंस्पेक्टर अंजली तिवारी ने पुलिस को सूचना दी। सरोजनीनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई।

सर्विलांस जांच में उनकी आखिरी सक्रिय लोकेशन वाराणसी मिली। इसके बाद पुलिस ने वाराणसी के रेलवे स्टेशनों और होटलों में तलाश शुरू की। जांच में उनके प्रयागराज पहुंचने की जानकारी मिली, जहां एक होटल से उन्हें सुरक्षित बरामद किया गया।

पूछताछ में दरोगा ने कथित तौर पर पारिवारिक कलह के चलते नाराज होकर घर से निकलने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक वह पहले वाराणसी में करीब दो दिन रुके और फिर निजी कार से प्रयागराज पहुंचे। दरोगा के सकुशल मिलने से परिवार और पुलिस ने राहत की सांस ली।

Leave a Comment

और पढ़ें