वाराणसी । नगर निगम की ओर से गृहकर, जलकर और सीवरकर के बकायेदारों के लिए लागू एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) को शुरुआती दिनों में ही अच्छा प्रतिसाद मिला है। योजना के तहत तीन दिनों में 276 भवन स्वामियों ने 39.36 लाख रुपये का संपत्तिकर जमा किया। साथ ही करदाताओं को 7.18 लाख रुपये के ब्याज और सरचार्ज की माफी का लाभ मिला।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि ओटीएस योजना के तहत मूल बकाया राशि का एकमुश्त भुगतान करने पर आरोपित ब्याज और सरचार्ज पर 100 प्रतिशत छूट दी जा रही है। योजना 15 अगस्त से शुरू होकर 15 दिसंबर तक लागू रहेगी। नगर निगम ने अधिक से अधिक करदाताओं को योजना का लाभ लेने की अपील की है।

शासन के निर्देश पर एक लाख रुपये तक के बकायेदारों को किस्तों में भुगतान की सुविधा भी दी गई है। ऐसे करदाता कुल बकाया राशि का एक-तिहाई हिस्सा पहले 30 दिनों के भीतर जमा कर सकेंगे। शेष दो-तिहाई राशि का भुगतान अगली दो समान मासिक किस्तों में किया जा सकेगा।

नगर निगम का मानना है कि इस व्यवस्था से आम नागरिकों को आर्थिक राहत मिलेगी और बकाया कर की वसूली में भी तेजी आएगी।








