वाराणसी । मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने गुरुवार को भारतेन्दु सभागार में आयोजित समारोह में जुलाई 2026 में संरक्षा, सुरक्षा और राजस्व वृद्धि के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 11 रेलकर्मियों को ‘एक्सीलेंस अवार्ड’ प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने रेलकर्मियों की सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।


अपने संबोधन में आशीष जैन ने कहा कि भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की संरक्षा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है। वाराणसी मंडल के विभिन्न विभागों ने आपसी समन्वय, टीम भावना और समर्पण के साथ कार्य करते हुए संरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि संभावित दुर्घटनाओं को टालने और रेल संपत्ति व यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले कर्मचारियों का योगदान प्रेरणादायक है।

सम्मानित होने वालों में प्रशांत विश्वकर्मा, उपेंद्र यादव, सत्यप्रकाश यादव, विपुल कुमार, अनिल यादव, संजय कुमार, रमाशंकर कुशवाहा, धीरेन्द्र कुमार सिंह, अभिषेक कुमार यादव, चंदन कुमार और अविनाश कुमार मिश्रा शामिल रहे।


समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा, अजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सम्मानित रेलकर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।








