गाजीपुर । जनपद के बरेसर थाना क्षेत्र के सिपाही गांव में शुक्रवार देर रात 25 वर्षीय प्रमोद राजभर की हत्या से सनसनी फैल गई। उसका शव घर से करीब 200 मीटर दूर नहर के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। युवक की गर्दन पर गहरे जख्म के निशान मिले। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक प्रमोद शुक्रवार शाम जहूराबाद बाजार सब्जी खरीदने गया था। रात करीब आठ बजे घर लौटने के कुछ देर बाद वह दोबारा बाहर चला गया। खाना खाने के समय तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब 10 से 11 बजे के बीच भाई प्रदीप ने मोबाइल पर फोन किया, लेकिन फोन बंद मिला। तलाश के दौरान नहर की सड़क पर प्रमोद का शव मिला।
सूचना पर सीओ सुधाकर पांडेय, थाना प्रभारी ओमप्रकाश और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने जहूराबाद-बाराचवर मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझाकर जाम खुलवाया। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हत्यारों की पहचान और हत्या के कारणों की जांच कर रही है।






