Search
Close this search box.

सोनार से लूट का खुलासा, छह बदमाश गिरफ्तार; 86,400 रुपये, आभूषण व हथियार बरामद

बलिया । 21 अगस्त। नरही थाना क्षेत्र में 15 अगस्त को आभूषण व्यवसायी से हुई लूट का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सर्विलांस, स्वाट टीम और थाना नरही की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 86,400 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, आठ मोबाइल फोन, दो सेट पायल, दो नाक की कील, एक तमंचा, दो कारतूस .315 बोर और दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, सोनार दुकान बंद कर अपने बेटे के साथ मोटरसाइकिल से घर जा रहा था। भरौली-गाजीपुर मार्ग पर दो बाइकों से पहुंचे बदमाशों ने आभूषण और नकदी से भरा बैग लूट लिया था। मामले में नरही थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और रास्ते के सीसीटीवी फुटेज, डंप डाटा व वीटीएस डाटा का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की। 20 अगस्त की रात बघौना मोड़ के पास घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट में कुल नौ लोगों के शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने तीन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कार्रवाई करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें