बलिया। पुरानी पेंशन बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर अटेवा पेंशन बचाओ संघ बलिया के नेतृत्व में शिक्षकों और कर्मचारियों ने तिरंगा जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। जुलूस जिला मुख्यालय पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने जिला अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को मांग पत्र भेजा।

इस दौरान कर्मचारी नेताओं और शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाल करने, शिक्षक पात्रता परीक्षा सहित कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान और मजदूरों को उचित मजदूरी दिए जाने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कर्मचारियों और शिक्षकों के हितों की अनदेखी लंबे समय से की जा रही है।
कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आगामी दिनों में प्रदेश की राजधानी लखनऊ में व्यापक आंदोलन कर अपनी ताकत का एहसास कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज लगातार बुलंद की जाएगी। साथ ही आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भी अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की बात कही।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।





