वाराणसी। 21 अगस्त। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एवं आरडीएसओ, लखनऊ के महानिदेशक प्रभाष दनसाना ने शुक्रवार को गोरखपुर–प्रयागराज रामबाग रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के साथ वाराणसी सिटी और बनारस रेलवे स्टेशनों का गहन निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की।

वाराणसी सिटी स्टेशन पर उन्होंने प्रतीक्षालय, फुट ओवरब्रिज (FOB), टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म, पेयजल व्यवस्था, साइनेज, दिव्यांगजन सुविधाएं, सीसीटीवी मॉनिटरिंग रूम, ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ स्टॉल, लिफ्ट, एस्केलेटर तथा स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत निर्माणाधीन 12 मीटर चौड़े FOB सहित अन्य कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

बनारस स्टेशन पर भी निर्माणाधीन 12 मीटर FOB, आईआरसीटीसी विश्रामगृह, डोरमेटरी, प्रतीक्षालय, चार्जिंग कियोस्क, डिजिटल नेविगेशन सुविधा, टिकटिंग, पार्किंग, प्रकाश, पेयजल एवं दिव्यांगजन सुविधाओं का निरीक्षण किया।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।





