वाराणसी। महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे एवं अनुसंधान अभिकल्प व मानक संगठन (RDSO), लखनऊ के महानिदेशक प्रभाष दनसाना ने शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के साथ बनारस–प्रयागराज रामबाग रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने प्रयागराज रामबाग रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

महाप्रबंधक ने स्टेशन के यात्री प्रतीक्षालय, पैदल ऊपरीगामी पुल (FOB), यात्री आरक्षण केंद्र, आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म, वाटर बूथ, साइनेज, दिव्यांगजन सुविधाओं, स्टेशन पैनल तथा सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन की साफ-सफाई और रख-रखाव को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्वच्छता के मानकों को बनाए रखने तथा स्टेशन के ड्रेनेज सिस्टम में आवश्यक सुधार करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यालय के प्रमुख विभागाध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन समेत वाराणसी मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, स्टेशन पर्यवेक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।






