वाराणसी । जनपद के साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में वाराणसी पुलिस की साइबर क्राइम सेल और चेतगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए साइबर ठगी के एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों पर बेरोजगार युवाओं को कमीशन का लालच देकर उनके नाम पर फर्म और बैंक खाते खुलवाने तथा बाद में इंटरनेट बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर उन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम खपाने में करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 41 बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए हैं। जांच में इन खातों से जुड़े मामलों को लेकर देशभर में 143 NCRP शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, इन शिकायतों में करीब 11 करोड़ 68 लाख 58 हजार 321 रुपये की साइबर धोखाधड़ी की रकम का संबंध इन बैंक खातों से पाया गया है।


पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क, खाताधारकों और ठगी की रकम के लेन-देन की गहन जांच कर रही है। इस कार्रवाई में चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






