Search
Close this search box.

चोरी के शक में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, ईंट-भट्ठा मालिक समेत दो गिरफ्तार

वाराणसी । जनपद के चोलापुर थाना क्षेत्र में चोरी के शक में एक मजदूर की बेरहमी से पिटाई कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ईंट-भट्ठा मालिक और उसके साथी ने मजदूर को बंधक बनाकर लाठी-डंडों से पीटा। घटना का वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा है।

पेड़ से बांधकर पीटने का आरोप

मृतक की पहचान राम जन्म वनवासी (45) निवासी धानापुर, चंदौली के रूप में हुई है। वह पत्नी के साथ ससुराल में रहकर ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार, 20 अगस्त की शाम वह स्टार मार्का ईंट-भट्ठे पर गया था। आरोप है कि भट्ठा मालिक अजय सिंह और उसके साथी विशाल सिंह ने चोरी का शक जताकर उसे बंधक बनाया और पेड़ से बांधकर पीटा।

पोस्टमार्टम में चोटों की पुष्टि

गंभीर चोटों के चलते राम जन्म की मौत हो गई। आरोप है कि शव को गोसाईपुर क्षेत्र में छोड़ दिया गया। करीब पांच दिन पहले शव बरामद होने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। पुलिस को मिले वीडियो में एक व्यक्ति मजदूर को पकड़े और दूसरा उसकी पिटाई करता दिखाई दे रहा है।

दो आरोपी गिरफतार

डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार के अनुसार, पुलिस ने बुधवार देर रात अजय सिंह और विशाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पत्नी सीता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें