बलिया । रसड़ा नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर, अखनपुरा की छात्राओं ने रक्षाबंधन पर्व को सामाजिक सरोकार, संस्कार और राष्ट्रसेवा की भावना से जोड़ते हुए पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सैनिकों और पत्रकारों को राखी बांधकर सम्मान व कृतज्ञता व्यक्त की। छात्राओं ने रसड़ा कोतवाल सुशील कुमार, सीओ रजनीश कुमार, तहसीलदार, नगर पालिका अध्यक्ष विनय शंकर जायसवाल सहित महिला पुलिस पदाधिकारियों व अन्य सुरक्षा कर्मियों की कलाइयों पर स्नेह का धागा बांधा।

इस दौरान छात्राओं ने कहा कि समाज की सुरक्षा और शांति के लिए दिन-रात तत्पर रहने वाले पुलिसकर्मी, अधिकारी और सैनिक उनके लिए गर्व और विश्वास का प्रतीक हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र पांडे ने कहा कि रक्षाबंधन केवल रक्षा के वचन का पर्व नहीं, बल्कि स्नेह, विश्वास, कर्तव्य और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का प्रतीक है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ संस्कार, संवेदना, सेवा और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

आचार्य रणजीत कुमार सिंह, आचार्या रीता सिंह सहित विद्यालय परिवार मौजूद रहा। न्यासा कुशवाहा, आस्था यादव, श्रेया सिंह, आराध्या सैनी, आयुषी, रिया, लक्ष्मी, पूजा और अंशिका आदि छात्राओं ने सहभागिता की। अधिकारियों ने इस पहल की सराहना की।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।








