गाजीपुर: दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन के ओवर ब्रिज के नीचे बृहस्पतवार को अज्ञात युवक का शव मिला है। मृतक की उम्र लगभग 22 वर्ष आंकी गई है। युवक ने काले रंग का शर्ट और सफेद रंग का पैंट पहन रखा था। शव की पहचान के लिए कुछ महत्वपूर्ण निशान मिले हैं। युवक के बाएं हाथ पर रक्षा बंधी हुई थी और दाहिने हाथ पर ‘विजय’ नाम का टैटू बना हुआ था।
घटना की जानकारी सुबह करीब 5 बजे यात्रियों ने स्टेशन मास्टर को दी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक कानपुर-गोरखपुर चौरी चौरा एक्सप्रेस (15003) की चपेट में आया था। यह ट्रेन रात करीब 2 बजे वहां से गुजरी थी। जीआरपी प्रभारी कपूर सिंह के अनुसार, शव की स्थिति से आत्महत्या का अंदेशा है।
युवक का सिर पश्चिम और पैर पूर्व की तरफ था, जो संकेत करता है कि उसने ट्रेन के दाहिने ट्रैक पर सिर रखा था। गले में लगी चोट से उसकी मृत्यु हुई। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और मृतक की पहचान का प्रयास कर रही है।

Author: Ujala Sanchar
उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।