
वाराणसी: वाराणसी में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। डीएवी कालेज के पास हमलावरों से विवाद हुआ। युवक के साथ मारपीट की। इसके बाद पिस्टल से सीने में गोली मार दी। युवक की शादी 5 मई को होने वाली थी। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर हालत में युवक को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
औसानगंज निवासी दिलजीत (33 वर्ष) शुक्रवार की रात घर से निकला था। डीएवी कॉलेज के पास कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और हाथापाई होने लगी। इसी दौरान एक युवक ने पिस्टल से गोली चला दी। गोली दिलजीत के सीने में लगी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए।
फायरिंग के बाद इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश सिंह और डीसीपी काशी गौरव बंसवाल मौके पर पहुंचे। पुलिस हमलावरों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। डीसीपी काशी ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।