गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि “बिहार बदलाव मांग रहा है” और आने वाले विधानसभा चुनावों में जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है। वे शुक्रवार को रामपुर मांझा गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, जहां मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने भाजपा और बिहार की राजनीति पर बड़ा बयान दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने एक सोची-समझी षड्यंत्र के तहत नीतीश कुमार को चुनाव का चेहरा बनाया है, लेकिन चुनाव के बाद उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाया जाएगा। उन्होंने कहा, “बीजेपी के नीतीश कुमार चुनावी दुल्हा हैं। जैसे महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में हुआ, वैसा ही अब बिहार में भी होगा। भाजपा चुनाव जीतने के बाद चेहरा बदल देती है।”
सपा सुप्रीमो ने दावा किया कि चुनाव के बाद तेजस्वी यादव बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे, और समाजवादी पार्टी उन्हें पूरा समर्थन देगी। उन्होंने कहा, “हम तेजस्वी यादव के साथ हैं और सरकार चलाने में हर संभव मदद करेंगे।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि “अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप भी हमारे प्रधानमंत्री का मजाक उड़ा चुके हैं। टैरिफ लगने से देश की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है। चीन जो हमारी जमीन हड़प रहा है, उसी से अब प्रधानमंत्री दोस्ती का हाथ बढ़ा रहे हैं — यह कैसी नीति है?”
उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि डीएपी खाद बाजार से क्यों गायब है, जिससे किसान परेशान हैं। साथ ही गाजीपुर के विकास पर बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि, “हमने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे औद्योगिक विकास और किसान मंडी के लिए जमीन छोड़ी थी, लेकिन आज तक उस पर कोई निर्माण नहीं हुआ। अगर मंडी बनती, तो किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिलता।”
सपा प्रमुख ने कहा कि गाजीपुर समाजवादियों का गढ़ है, और समाजवादी पार्टी युवाओं के रोजगार और किसानों के हक की लड़ाई हमेशा लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि जब तक युवाओं को सेना में स्थायी नौकरी नहीं मिलती, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
इस मौके पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव, विधायक मन्नू अंसारी, डा. वीरेंद्र यादव, जैकिशन साहू, जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा, पूर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
ब्यूरोचीफ: संजय यादव









