वाराणसी: जनपद में मंगलवार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत की गई। इसका शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. संदीप चौधरी द्वारा CMO कार्यालय, दुर्गाकुंड से किया गया। इस अवसर पर सीएमओ ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसमें नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. के. चौधरी के नेतृत्व में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कर्मियों ने भाग लिया।

डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि संचारी रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जन जागरूकता है। यह अभियान सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनहित में चलाया जा रहा एक अनुष्ठान है। इसमें जन सहभागिता अनिवार्य है। स्वच्छता के प्रति हमारी सजगता सिर्फ हमें ही नहीं, पूरे समाज को गंभीर बीमारियों से बचा सकती है।
डॉ. एस. के. चौधरी ने कहा कि अभियान में कई विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। स्वच्छता, जल-जमाव, और गंदगी से जुड़ी समस्याओं के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। छोटे-छोटे कदम जैसे साफ पानी का सेवन और मच्छरों की रोकथाम से बड़ी बीमारियों से बचा जा सकता है।
एसीएमओ (वेक्टर बार्न) डॉ. अमित सिंह ने जानकारी दी कि यह विशेष अभियान 31 जुलाई 2025 तक चलेगा। इसके अंतर्गत मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, फाइलेरिया जैसे रोगों के रोकथाम हेतु विशेष कार्य योजना तैयार की गई है।
- बुखार, टीबी, फाइलेरिया आदि लक्षणों वाले लोगों की पहचान की जाएगी।
- जरूरत पड़ने पर सरकारी एंबुलेंस और उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
- 11 से 31 जुलाई तक “दस्तक अभियान” के तहत घर-घर सर्वे कर बीमार व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जाएगी।
जिला मलेरिया अधिकारी शरद चंद्र पांडेय ने बताया कि अभियान में निम्न विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी, जिनमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास- पंचायती राज, ग्राम्य विकास- शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार- कृषि, सिंचाई, सूचना, उद्यान विभाग, जहां मच्छरों के पनपने की संभावना होगी, वहां निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
रैली में डीएमओ शरद चंद्र पांडेय, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक अजय कुमार मिश्र, यूनिसेफ के आर.सी. प्रदीप विश्वकर्मा, डॉ. ओजस्विनी त्रिवेदी, डॉ. शाहिद पाथ, आशा कार्यकर्ता व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।








