ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में जिला मेडिकल कॉलेज में उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला डॉक्टर ने यहां कार्यरत एक हृदय रोग विशेषज्ञ पर फर्जी दस्तावेज़ों के आधार पर नौकरी हासिल करने का आरोप लगाया। शिकायत में दावा किया गया है कि आरोपी ने अपने जीजा की डॉक्टरेट डिग्री का दुरुपयोग कर खुद को डॉक्टर बताकर वर्ष 2022 में मेडिकल कॉलेज में नियुक्ति प्राप्त कर ली।
शिकायतकर्ता डॉ. सोनाली सिंह ने बताया कि उनके भाई अभिनव सिंह ने उनके पति डॉ. राजीव गुप्ता की मेडिकल डिग्रियों पर अपना नाम चढ़ाकर खुद को कार्डियोलॉजिस्ट बताया और मेडिकल कॉलेज में हृदय रोग विशेषज्ञ के पद पर नौकरी हासिल कर ली। वहीं यह भी सामने आया कि जिनके नाम पर डिग्री का गलत इस्तेमाल किया गया, वे अमेरिका में डॉक्टर के रूप में कार्यरत हैं। शिकायत मिलते ही आरोपी अभिनव सिंह ने अपना इस्तीफा दे दिया।
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मयंक शुक्ला ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि इसकी जांच के लिए तुरंत सीएमओ पैनल सहित एक विशेष टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आरोपी द्वारा जो भी वेतन अब तक लिया गया है, उसकी वसूली भी की जाएगी। मामला उजागर होने के बाद मेडिकल कॉलेज में अफसरों और कर्मचारियों में चर्चा का माहौल बना हुआ है।









