वाराणसी । 23 जुलाई मानसून के दौरान सुरक्षित, संरक्षित एवं निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने और रेलखंड की क्षमता वृद्धि की कार्ययोजना के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी नीरज गुप्ता ने अंतरमंडलीय टीम के साथ बनारस–ज्ञानपुर रोड–प्रयागराज रामबाग रेलखंड का व्यापक सेफ्टी ऑडिट निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान समपार फाटकों, पुल-पुलियाओं, लिमिटेड हाइट सब-वे, हाइट गेज, ट्रैक गेज, बूम लॉकिंग व्यवस्था, चेतावनी संकेतकों, सोलर लाइट, गेटमैन केबिन तथा कर्मचारियों की कार्यदक्षता और मेडिकल अभिलेखों की जांच की गई। ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर वीडीयू पैनल, पॉइंट एवं क्रॉसिंग, स्विच एक्सपेंशन जॉइंट, यार्ड, समपार फाटक और लॉन्ग वेल्डेड रेल सहित विभिन्न संरक्षा परिसंपत्तियों का निरीक्षण हुआ।

हंडिया खास स्थित ट्रैक्शन सब स्टेशन में फेल-सेफ प्रणाली की जांच की गई। प्रयागराज रामबाग स्टेशन पर बर्थिंग ट्रैक, पॉइंट मशीन, सिग्नलिंग, अग्निशमन प्रणाली, रिले रूम, प्लेटफॉर्म क्लियरेंस और ट्रैक फिटिंग्स का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने ट्रैकमैन व लाइन कर्मचारियों के प्रशिक्षण की भी समीक्षा की।

डीजल लॉबी एवं रनिंग रूम में लोको पायलटों और गार्डों को मिल रही सुविधाओं, विश्राम व्यवस्था तथा भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया गया। निरीक्षण के बाद टीम ने डाउन लाइन पर विंडो ट्रेलिंग कर संरक्षा मानकों का मूल्यांकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।











