उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर बुधवार को उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब बेवजह चालान किए जाने से नाराज एक ई-रिक्शा चालक ने खुद पर ऑयल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। युवक लगातार पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाते हुए सवाल करता रहा कि उसका बेवजह चालान क्यों किया गया। युवक के इस कदम से मौके पर हड़कंप मच गया।
मौके पर मौजूद यातायात के टीएसआई धर्मेंद्र सिंह, पुलिसकर्मियों और होमगार्डों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और आग लगाने से रोक लिया। इसके बाद यातायात पुलिसकर्मी उसे पकड़कर गंगाघाट कोतवाली ले गए। कोतवाली के बाहर काफी देर तक ई-रिक्शा चालक का हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी टीएसआई धर्मेंद्र सिंह कचहरी पुल पर जबरन रोककर चालान करने के मामले को लेकर चर्चा में रहे थे।









