वाराणसी। 23 जुलाई मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ENHM) अनुभव पाठक के नेतृत्व में वाराणसी मंडल के पर्यावरण एवं साफ-सफाई प्रबंधन अनुभाग ने गुरुवार को ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान के तहत बनारस, प्रयागराज रामबाग, छपरा, गाजीपुर सिटी और बलिया रेलवे स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

अभियान का उद्देश्य रेल कर्मचारियों और यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने में जनभागीदारी बढ़ाना रहा। इस दौरान जागरूकता रैली, सार्वजनिक उद्घोषणा और विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से यात्रियों, रेल उपयोगकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया गया।

यात्रियों से स्टेशन परिसर में गंदगी न फैलाने और कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने की अपील की गई। साथ ही गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए हरे एवं नीले डस्टबिन के उचित उपयोग की जानकारी दी गई।

रेल कर्मचारियों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई, जबकि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने भी सहयोग किया। अभियान के माध्यम से वाराणसी मंडल ने स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ एवं यात्री-अनुकूल रेलवे वातावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।








