वाराणसी । जनपद के लक्सा थाना क्षेत्र निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी संजय कुमार लालवानी ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर एफआईआर में संशोधन तथा निष्पक्ष विवेचना की मांग की है। उन्होंने बताया कि 7 जुलाई 2026 की रात करीब 8:45 बजे उनके घर पर कुछ लोगों ने हमला कर उन्हें, उनकी पत्नी, पिता और भाई के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमले के दौरान उनकी सोने की चेन भी छीन ली गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने एक आरोपी दिलीप यादव को पकड़ लिया, जिसके बाद लक्सा थाने में मुकदमा संख्या 0067/2026 दर्ज किया गया।
पीड़ित का आरोप है कि एफआईआर में उनके पिता का नाम गलत दर्ज कर दिया गया है तथा सोने की चेन लूटे जाने की घटना के अनुरूप उचित धाराएं नहीं लगाई गईं। उन्होंने यह भी दावा किया कि बाद में दूसरे आरोपी की पहचान दशाश्वमेध निवासी अंकित सोनकर के रूप में हुई, लेकिन उसके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। प्रार्थना पत्र में संबंधित पुलिसकर्मियों पर लापरवाही और आरोपियों को लाभ पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से एफआईआर में आवश्यक संशोधन कराने, लूट से संबंधित उपयुक्त धाराएं जोड़ने तथा निष्पक्ष और शीघ्र विवेचना कर सभी आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।








