गाजीपुर: समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम आरटीआई मैदान में विधि-विधान से सम्पन्न हुआ। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भं किया गया। इस सामुहिक विवाह में कुल 378 जोड़े विधि विधान के साथ वैवाहिक बंधन में बंध गए।
इस मौके पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नव विवाहित वर-वधुओं को उनके भावी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में नव दम्पत्तियों को विवाह प्रमाण पत्र एवं पौध रोपण हेतु आम वृक्ष का पौधा देकर पर्यावरण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित मंत्री ओमप्रकाश राजभर के प्रतिनिधि, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक ने संयुक्त रूप से बटन दबाकर 35 हजार रूपये की धनराशि वधुओ के खाते में हस्तान्तरित किया।
परियोजना निदेशक राजेश यादव ने मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह योजना की जानकारी देते हुए बताया कि आज जनपद के समस्त ब्लॉकों से चयनित 378 जोड़ो का विवाह विधि विधान के साथ सम्पन्न हुआ है। इस योजना के अन्तर्गत 51 हजार की धनराशि प्रदान किया गया है। जिसमें 35 हजार रूपये वधु के खाते में तथा 10 हजार रूपये के उपहार एवं 6 हजार शादी समारोह के आयोजन के लिए दिया जा रहा है।
गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों की शादी कराया जा रहा है। जिसमें लड़के की उम्र 21 वर्ष एवं लड़की की आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज ने नव विवाहित वर-वधुओ को आर्शिवचन देते हुए कहा कि नव विवाहित जोड़ो ने सात फेरे लेकर एक साथ रहने का जो संकल्प लिया है उसे आजीवन निर्वहन करें।
मुख्यमंत्री जी ने इस योजना के माध्यम से गरीब, मजदूर एवं असहाय परिवारों को इसका लाभ दिया है और आगे भी इस योजना के माध्यम से बेटियों का विवाह सम्पन्न कराया जायेगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने सामुहिक विवाह के सफल आयोजन पर आभार व्यक्त करते हुए विवाहित नव दाम्पत्य जोड़ो को उनके विवाहित जीवन के लिए शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर मंत्री ओमप्रकाश राजभर के प्रतिनिधि सुरेश राजभर, उपजिलाधिकारी सदर मनोज पाठक, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।