गाजीपुर। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष और कार्यक्रम संयोजक विनोद अग्रवाल ने नगर पालिका सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने जीवनरक्षक दवाओं से जीएसटी पूरी तरह हटा दी है। इसके साथ ही जरूरी वस्तुओं जैसे दूध, पनीर, साबुन, शैम्पू, टूथपेस्ट, साइकिल और बच्चों के सामान पर 0% या अधिकतम 5% जीएसटी लागू किया गया है।
विनोद अग्रवाल ने कहा कि नेक्स्ट जेन सुधारों के तहत केवल दो सरल स्लैब – 5% और 18% लागू किए गए हैं, जबकि विलासिता और लग्जरी सामानों पर 40% जीएसटी दर बनी रहेगी। उन्होंने बताया कि यह सुधार पारदर्शिता, न्याय संगत व्यवस्था और कर पालन में आसानी सुनिश्चित करता है।
उन्होंने कहा कि बीते 7-8 वर्षों में करदाताओं की संख्या में भारी वृद्धि हुई है, जो 2017 में 65 लाख थी और 2025 में बढ़कर 151 करोड़ से अधिक हो गई है। यह कदम मजबूत खपत, निवेश और कर संग्रह के जरिए जीडीपी वृद्धि में 2-3% तक योगदान देने में मदद करेगा।
विनोद अग्रवाल ने यह भी कहा कि एनडीए सरकार ने समावेशी विकास और वित्तीय जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोबारा साबित की है, जिससे किसानों समेत आम जनता को भी लाभ होगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 22 सितंबर से 15 अक्टूबर तक “जीएसटी बचत उत्सव” मनाया जा रहा है। पहला चरण 22 से 29 सितंबर तक चलेगा, जिसमें जीएसटी सुधारों और लाभों के प्रति जन-जन में जागरूकता फैलाई जाएगी।
इस अवसर पर अखिलेश सिंह, नपा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, शशिकांत शर्मा, प्रीति गुप्ता, अजय कुशवाहा, हेमंत त्रिपाठी, रूपेश सिंह सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।









