वाराणसी । के रिजर्व पुलिस लाइन में 26 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती प्रक्रिया-2025 के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर रही 491 महिला प्रशिक्षु आरक्षियों की भव्य दीक्षांत परेड (पासिंग आउट परेड) गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल उपस्थित रहे, जिन्होंने परेड का निरीक्षण कर प्रशिक्षु आरक्षियों की सलामी ली। लगभग 9 माह के कठोर आंतरिक एवं बाह्य प्रशिक्षण के बाद सभी महिला आरक्षियां औपचारिक रूप से पुलिस विभाग में शामिल हुईं और राष्ट्रसेवा, कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा के लिए तत्पर हुईं।
परेड में कुल 18 टोलियों ने प्रशिक्षु महिला आरक्षी रेनू के नेतृत्व में अनुशासन, समन्वय और शारीरिक दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सधे कदमों और प्रभावशाली मार्च पास्ट ने सभी को प्रभावित किया। इसके पश्चात सभी प्रशिक्षुओं को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, निष्पक्षता और जनसेवा के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई गई।
अपने संबोधन में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, सेवा और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने महिला आरक्षियों को संवेदनशीलता, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से पुलिस व्यवस्था और अधिक मजबूत एवं संवेदनशील बनेगी।समारोह में प्रशिक्षु आरक्षियों के परिजन भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और अपनी बेटियों को वर्दी में देखकर गौरव महसूस किया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आरक्षियों को सम्मानित किया गया, जिसमें रोशनी गुप्ता सर्वांग सर्वोत्तम रहीं, जबकि बाह्य विषयों में रेनू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।








