सोनभद्र । भारतीय जनता पार्टी, सोनभद्र में संगठनात्मक विवाद अब खुलकर सामने आने लगा है। जिला अध्यक्ष पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की अनदेखी और कथित अपमान के आरोप लगाते हुए म्योरपुर स्थित सैनिक ढाबा पर एक आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई वरिष्ठ और प्रभावशाली कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जिला अध्यक्ष का व्यवहार तानाशाहीपूर्ण है और संगठन में वर्षों से काम कर रहे समर्पित कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान नहीं दिया जा रहा है। इससे कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष और निराशा का माहौल है। उपस्थित नेताओं ने कहा कि यदि समय रहते स्थिति नहीं सुधरी तो इसका असर पार्टी की जमीनी मजबूती पर पड़ सकता है।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि इस पूरे मामले को अब प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा। इसके तहत एक विस्तृत शिकायत पत्र प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री और क्षेत्रीय अध्यक्ष को भेजा जाएगा, जिसमें जिला अध्यक्ष के कथित व्यवहार की जांच और संगठनात्मक सुधार की मांग की जाएगी।
इस विरोध बैठक में कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने मामले को और गंभीर बना दिया है। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने साफ संकेत दिए कि यह असंतोष अब केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में प्रदेश स्तर पर बड़ा मुद्दा बन सकता है।
फिलहाल इस घटनाक्रम ने सोनभद्र भाजपा संगठन के भीतर चल रही गुटबाजी को उजागर कर दिया है, और अब सभी की नजरें प्रदेश नेतृत्व की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।






