वाराणसी: काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण की चौथी वर्षगांठ पर 12 से 15 दिसम्बर तक विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इस दौरान पूरे धाम परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों और सुगंधित फूलों से सजाया जाएगा। विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने बताया कि वर्षगांठ के मुख्य कार्यक्रम 14 दिसम्बर को निर्धारित हैं।
13 दिसम्बर की पूर्वसंध्या पर शास्त्रीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जबकि 14 दिसम्बर को शास्त्रीय पूजन, अनुष्ठान और बाबा को चढ़ाए गए भोग का वितरण किया जाएगा। 15 दिसम्बर को भी शास्त्रीय गीत-संगीत के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मंदिर न्यास के अनुसार, लोकार्पण के बाद से अब तक 26 करोड़ से अधिक श्रद्धालु काशी विश्वनाथ धाम का दर्शन कर चुके हैं। इनमें अकेले कुम्भ के दौरान दो करोड़ से अधिक भक्त शामिल थे। न्यास ने श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास करने की बात कही है।










