गाजीपुर: पुलिस सिर्फ अपराध रोकने का ही नहीं, बल्कि टूटते रिश्तों को जोड़ने का भी काम कर रही है। इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण महिला सहायता प्रकोष्ठ/परिवार परामर्श केंद्र, गाजीपुर में देखने को मिला, जहां पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में पारिवारिक विवादों का सफल समाधान करते हुए 6 अलग हो चुके परिवारों को दोबारा मिलाया गया।
3 जुलाई को आयोजित सुनवाई में पति-पत्नी के बीच के कुल 15 प्रकरणों पर गहनता से सुनवाई की गई। इनमें से 6 मामले ऐसे थे, जहां विवाह संबंध टूटने की कगार पर थे। लेकिन संवेदनशील संवाद, धैर्य और सुलह की कोशिशों से दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर गिले-शिकवे दूर कराए गए और परिवारों को एक साथ विदा किया गया।
इन समाधान प्रयासों के नायक रहे- काउंसलर कमरूद्दीन, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी शशि सिंह, उप निरीक्षक शशिधर मिश्रा, महिला आरक्षी रागिनी चौबे, सोनाली, अभिलाषा, आरक्षी शिव शंकर यादव, महिला होमगार्ड उर्मिला गिरी।
इन अधिकारियों की संवेदनशील पहल से यह साबित हुआ कि समझदारी और संवाद से बड़े से बड़ा पारिवारिक विवाद भी सुलझाया जा सकता है। गाजीपुर पुलिस का यह प्रयास समाज में सामंजस्य और विश्वास की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।









