मिर्जापुर। अहरौरा थाना अंतर्गत मेहंदीपुर चौराहे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अर्जुन यादव (34 वर्ष) पुत्र अमरनाथ यादव, निवासी जफराबाद, थाना अदलहाट, जनपद मिर्जापुर, अपने भाई को (जो ट्रक ड्राइवर है) सोनपुर छोड़कर वापस लौट रहे थे। तभी वे जैसे ही मेहंदीपुर चौराहे से निकलने का प्रयास कर रहे थे, गिट्टी से भरी एक ट्रक की चपेट में आ गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्जुन यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर मौके से फरार हो गया।
सूचना पाकर अहरौरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।









