सोनपुर। विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचआईवी/एड्स एवं यौन रोगों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 2900 महिला-पुरुषों को जागरूक किया गया, वहीं 2106 लोगों का एचआईवी एवं सिफिलिस परीक्षण भी किया गया।
छपरा सदर अस्पताल के एड्स पर्यवेक्षक सह परामर्शी अभय दास ने जानकारी देते हुए बताया कि जांच में 3 पुरुष एचआईवी संक्रमित और 5 महिला-पुरुष सिफिलिस संक्रमित पाए गए। सभी संक्रमित व्यक्तियों को इलाज और परामर्श के लिए संबंधित केंद्रों से जोड़ा गया है।
अभियान के दौरान सुरक्षित यौन संबंध को बढ़ावा देने के लिए लगभग 12,000 कंडोम मुफ़्त वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मेले में आए लोगों को एचआईवी/एड्स की रोकथाम, लक्षण, उपचार और सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अभय दास ने बताया कि मेले जैसे बड़े आयोजनों में जागरूकता अभियान बेहद कारगर साबित होते हैं और आगे भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।









