वाराणसी । विकास खंड काशी विद्यापीठ के सभागार में 4 जुलाई 2026 को जिला उद्यमिता मंच (DEC) एवं आर्या मंच का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों से जोड़ना तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ उनकी समस्याओं के समाधान के लिए साझा मंच उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक सुश्री आरती ग्रोवर ने किया।

कार्यक्रम में डीसी-एनआरएलएम पवन सिंह, बीडीओ, जिला उद्योग केंद्र, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एलडीएम अविनाश अग्रवाल, एसबीआई शाखा प्रबंधक रुचि तिवारी, आरसेटी निदेशक अंबरीश, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के अमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिला उद्यमी एवं स्वयं सहायता समूहों की सदस्य उपस्थित रहीं।

बैठक में महिला उद्यमियों ने ई-रिक्शा संचालन, मशरूम उत्पादन, डीजे साउंड, किराना व्यवसाय सहित विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के अनुभव साझा किए। डीसी-एनआरएलएम पवन सिंह ने प्रत्येक गांव में कम से कम एक महिला उद्यम स्थापित करने का आह्वान करते हुए मोबाइल ई-मार्ट, प्रेरणा मार्ट और ई-रिक्शा के माध्यम से उत्पादों के विपणन की अवधारणा पर जोर दिया।

एलडीएम अविनाश अग्रवाल ने बैंकिंग, बीमा, पेंशन एवं वित्तीय समावेशन योजनाओं की जानकारी दी, जबकि जिला उद्योग केंद्र ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना और बैटरी चार्जिंग स्टेशन जैसे नए उद्यमों के लिए उपलब्ध ऋण सुविधाओं पर प्रकाश डाला। पुलिस एवं यातायात विभाग ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी।
आरसेटी और खादी ग्रामोद्योग विभाग ने कौशल प्रशिक्षण एवं सूक्ष्म उद्योग योजनाओं से महिलाओं को अवगत कराया। अंत में सभी हितधारकों ने महिला उद्यमिता को बढ़ावा देकर जिले में आत्मनिर्भर और समावेशी आजीविका को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।






