प्रतापगढ़ । जिले के महुली वार्ड में गुरुवार तड़के लगातार बारिश के बीच एक हृदयविदारक हादसा हो गया। लगभग 100 वर्ष पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे एक ही परिवार के छह लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया गया कि एसी चलने के कारण परिवार के सभी सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे, जिससे जनहानि अधिक हुई। मृतकों में प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी पत्नी रीता श्रीवास्तव, पुत्र नितिन, पुत्रवधू माधुरी तथा दो मासूम बच्चे माधव और अद्विक शामिल हैं। बड़े बेटे अमन श्रीवास्तव को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से कई घंटों तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में लगातार हो रही बारिश के कारण जर्जर मकान के ढहने की आशंका जताई गई है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे महुली वार्ड में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है।





