Search
Close this search box.

वाराणसी: नव वर्ष पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन को उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, तीन दिन बंद रहेगा स्पर्श दर्शन

वाराणसी। नव वर्ष के अवसर पर काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 31 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक बाबा का स्पर्श दर्शन बंद रखने का निर्णय लिया है। इस दौरान श्रद्धालुओं को कतारबद्ध होकर झांकी दर्शन करने की व्यवस्था की जाएगी।

मंदिर प्रशासन ने बताया कि नववर्ष और छुट्टियों के कारण इन दिनों देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचते हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए 23 दिसंबर से मंदिर मार्ग पर बैरिकेडिंग कर दी जाएगी। साथ ही मंदिर और जिला प्रशासन की ओर से पर्याप्त पुलिस बल, स्वयंसेवक और सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे।

सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन दर्शन बुकिंग की व्यवस्था भी पहले की तरह जारी रहेगी, हालांकि नववर्ष के दिन कुछ समय के लिए बुकिंग बंद भी हो सकती है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दिशा-निर्देशों का पालन करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। नववर्ष के दौरान काशी में गंगा आरती, नाव विहार और घाटों की सैर के लिए पर्यटकों की संख्या में भी भारी वृद्धि होती है।

नववर्ष के अवसर पर काशी फिर एक बार आस्था, भक्ति और उल्लास से सराबोर होगी। श्रद्धालु नए साल की शुरुआत बाबा विश्वनाथ और बाबा कालभैरव के दर्शन के साथ करने के लिए उत्सुक नजर आ रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें