दुद्धी सोनभद्र। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दुद्धी स्थित नोवा हॉस्पिटल में रविवार को भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों, अस्पताल कर्मियों तथा स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नोवा हॉस्पिटल के प्रबंधक डॉ. मिथलेश कुमार ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर रोगमुक्त रहता है, मानसिक तनाव कम होता है और जीवन में नई ऊर्जा का संचार होता है। वर्तमान भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम में इनरव्हील क्लब दुद्धी की अध्यक्ष लीना जायसवाल सहित कई सदस्य, पतंजलि परिवार के योगगुरु वीरेंद्र चौधरी एवं उनकी टीम तथा नोवा हॉस्पिटल के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।











