बलिया । गड़वार क्षेत्र के बभनौली स्थित एपेक्स स्कूल में 22 जून से आयोजित समर कैंप में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा है। कैंप में छात्र-छात्राएं पूरे मनोयोग से विभिन्न रचनात्मक और शारीरिक गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। प्रोफेशनल कोरियोग्राफर्स द्वारा बच्चों को कथक, बॉलीवुड, फ्रीस्टाइल और कंटेम्पररी डांस की विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है। साथ ही योग एवं शारीरिक शिक्षा के माध्यम से उन्हें फिट और अनुशासित रहने के गुर भी सिखाए जा रहे हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रतिमा तिवारी ने बताया कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास विकसित करना, शारीरिक क्षमता बढ़ाना, रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना तथा उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ उनके मानसिक और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
समर कैंप के सफल संचालन में संयोजिका कविता पांडेय के नेतृत्व में अनीता यादव, मानसी गिरी, शशि मोहन पांडेय, अर्जुन द्विवेदी, रवि प्रकाश पांडेय, शंभूनाथ यादव एवं राम प्रकाश सिंह सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा। कैंप में बच्चों का उत्साह और अभिभावकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया आयोजन की सफलता को दर्शा रही है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








