वाराणसी । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) संस्थान द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में शिवांशी फिटनेस जोन के नृत्य, जुम्बा, बास्केटबॉल एवं मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित स्लोगन एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को भी वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. मौर्या एवं जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने सम्मानित किया।

राजेश कुमार ने कहा कि खेल, कला और सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों व युवाओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का मजबूत आधार हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से नियमित रूप से खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहने का आह्वान किया।

ग्रीष्मकालीन शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों ने बास्केटबॉल, फुटबॉल, स्केटिंग, रोल बॉल, मार्शल आर्ट्स, शतरंज, चित्रकला, मेहंदी, अबेकस और जुम्बा सहित विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रतिभागियों की ऊर्जा, अनुशासन और आत्मविश्वास ने समारोह को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं खेलकूद सचिव रमेश चन्द्र जैसल द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। संचालन सचिव आलोक कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उप सचिव अरविंद तिवारी ने प्रस्तुत किया। समारोह में शिवांशी फिटनेस जोन की संचालिका बिंदु सिंह, प्रशिक्षकगण, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








