वाराणसी। 22 अगस्त। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने शनिवार को टावर वैगन से वाराणसी सिटी–औड़िहार रेलखंड का निरीक्षण किया। उन्होंने रेल परिचालन, संरक्षा, ओएचई, विद्युत कर्षण व्यवस्था और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।

औड़िहार स्टेशन पर उन्होंने परिचालन व्यवस्था, संरक्षा उपकरण, प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था देखी। वाटर टंकी की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ट्रेन सेट डिपो रेलवे कॉलोनी में पेयजल, ड्रेनेज और स्वच्छता व्यवस्था की भी समीक्षा की।
डीआरएम ने औड़िहार टीआरडी डिपो और ट्रैक्शन सब-स्टेशन का निरीक्षण कर विद्युत उपकरणों, अर्थिंग, फेल-सेफ तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं की जांच की। रजवाड़ी स्टेशन पर सिगनल संचालन, स्टेशन पैनल और संरक्षा अभिलेखों का निरीक्षण किया।

औड़िहार–रजवाड़ी के बीच गोमती नदी पर मेजर ब्रिज संख्या 137 पर ओएचई की जांच करते हुए कॉन्टैक्ट वायर, इंसुलेटर, फीडर, जम्पर, अर्थिंग व बॉन्डिंग की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी कर्मचारी पूरी सजगता से सुरक्षित एवं निर्बाध संचालन सुनिश्चित करें।









