चन्दौली । ए.एन.टी.एफ. टीम वाराणसी और थाना अलीनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने सिंधीताली रेलवे ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर एक महिंद्रा XUV-500 कार से बड़ी मात्रा में अवैध गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की कीमत करीब 10.50 लाख रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई 2026 को ए.एन.टी.एफ. टीम वाराणसी को सूचना मिली थी कि ओडिशा से XUV कार में गांजे की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर अलीनगर पुलिस को अवगत कराते हुए सिंधीताली रेलवे ओवरब्रिज के पास चेकिंग शुरू की गई। संदिग्ध XUV कार को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें सवार लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में डिग्गी से 14 बंडलों में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोहर झा निवासी गाजियाबाद और आंशू तिवारी निवासी सतना, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से लाकर विनय द्विवेदी को देने की बात स्वीकार की। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।









