Search
Close this search box.

रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छ पेयजल की जांच, वाराणसी मंडल ने चलाया विशेष अभियान

वाराणसी। 25 अगस्त रेल यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाराणसी मंडल में मंगलवार को विशेष अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (EnHM) अनुभव पाठक के नेतृत्व में वाराणसी सिटी, आजमगढ़, गाजीपुर सिटी, करीमुद्दीनपुर, मऊ और सीवान स्टेशनों सहित छपरा रेलवे कॉलोनी में स्वास्थ्य निरीक्षकों ने पेयजल की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की।

अभियान के दौरान पेयजल टंकियों, कूलरों, वाटर वेंडिंग मशीनों, नलों और वाटर बूथों से पानी के नमूने लिए गए। नमूनों की भौतिक, रासायनिक और बैक्टीरियोलॉजिकल जांच की गई। क्लोरीन की मात्रा तथा E. coli/Coliform बैक्टीरिया की मौजूदगी की जांच के लिए Coliform Kit का उपयोग किया गया।

स्वास्थ्य निरीक्षकों ने पानी की टंकियों की आंतरिक-बाहरी सफाई, ढक्कन, आसपास की स्वच्छता और जल आपूर्ति उपकरणों के रख-रखाव का भी निरीक्षण किया।

आवश्यकतानुसार संबंधित कर्मचारियों को सुधार के निर्देश दिए गए। मंडल प्रशासन ने बताया कि यात्रियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पेयजल की नियमित जांच, टंकियों की सफाई, कीटाणुशोधन और जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें