वाराणसी । मिर्जामुराद थाना क्षेत्र की खजूरी चौकी अंतर्गत कल्लीपुर गांव में बिजली विभाग की लापरवाही से बड़ा हादसा होने का मामला सामने आया है। 24 अगस्त को कल्लीपुर निवासी कल्लू यादव रोज की तरह अपनी भैंसों को चराने के लिए इस्लामपुर स्थित नलकूप और ट्रांसफार्मर के पास ले गए थे। इसी दौरान दो गाभिन भैंसें ट्रांसफार्मर के पास पहुंच गईं। करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे से पशुपालक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में मातम छा गया।

घटना की सूचना मिलते ही गणेशपुर, इस्लामपुर और कल्लीपुर गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान राजकुमार पटेल, पूर्व प्रधान तेजनाथ पटेल और सभापति जयप्रकाश पटेल ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। खजूरी चौकी प्रभारी गणेश पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में घायल भैंस का पशु चिकित्सक से उपचार कराया गया। राजातालाब फीडर के जेई और चौकी प्रभारी की मौजूदगी में आगे की कार्रवाई की गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि खुले में बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के ट्रांसफार्मर रखे जाने से पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
रिपोर्टिंग अशोक कुमार गुप्ता।








