मिर्जापुर । जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं जीबीसी-5.0 की बैठक हुई। बैठक में औद्योगिक विकास, निवेश बढ़ाने और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बिजली, सड़क, जलापूर्ति, भूमि और प्रदूषण संबंधी स्वीकृतियों समेत औद्योगिक प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।

ओडीओपी के तहत रामपुर वासित अली, लालगंज में विन्ध्य स्पीनर्स एंड रग्स एसोसिएशन सीएफसी का निर्माण दोबारा शुरू होने की जानकारी दी गई। अमरावती विंध्याचल स्थित सीएफसी तक जर्जर सड़क के लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर बजट मांग की गई है। आरिका इंटरप्राइजेज व विराट लैबिको के लंबित भुगतान को अगली बैठक से पहले कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य पूरा करने पर जोर दिया। जीबीसी-5.0 के तहत जिले के 26 हजार करोड़ रुपये के निवेश लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए विभागों को तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए।






