Search
Close this search box.

आईजीआरएस फीडबैक में लापरवाही पर डीएम सख्त, नौ विभागों के अधिकारियों का वेतन रोकने के आदेश

बलिया। जनपद के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक हुई। जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर डीएम ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

आईजीआरएस की समीक्षा में नौ विभागों द्वारा शिकायतकर्ताओं से फीडबैक नहीं लेने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फीडबैक की प्रगति 80 प्रतिशत से कम नहीं होनी चाहिए, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी। दो विभागों में शिकायतकर्ताओं से संपर्क की प्रगति शून्य मिलने पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

विद्युत विभाग द्वारा गलत निस्तारण आख्या अपलोड करने पर संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया। मुख्यमंत्री संदर्भ की शिकायतें सात दिन और जिलाधिकारी संदर्भ की शिकायतें 15 दिन में निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

सीएम डैशबोर्ड में जननी सुरक्षा योजना की रैंकिंग सी तथा जल जीवन मिशन और फैमिली आईडी की रैंकिंग बी मिलने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को रैंकिंग ए श्रेणी में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें