चन्दौली । /पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल, पूर्व मध्य रेल के मुख्यालय स्थित बाकले अधिकारी क्लब सभागार में 70वें रेल सप्ताह समारोह के अंतर्गत रेल सेवा पुरस्कार-2025 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, डीडीयू की अध्यक्षा चित्रा सिंह रहीं। कार्यक्रम में अधिकारीगण, कर्मचारी यूनियन व एसोसिएशन के पदाधिकारी, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं और बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, शंखनाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसने पूरे माहौल को उत्साहपूर्ण और गरिमामय बना दिया। अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने कहा कि भारतीय रेल ने 173 गौरवशाली वर्ष पूरे कर लिए हैं और यह देश की जीवनरेखा के रूप में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि डीडीयू मंडल देश के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण परिचालन केंद्र है, जहां प्रतिदिन लगभग 600 से 700 ट्रेनों का संचालन होता है।
उन्होंने बताया कि गत वर्ष मंडल ने समयपालन, संरक्षा, यात्री सुविधा, मेंटेनेंस और राजस्व अर्जन जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। कर्मचारियों की मेहनत और सतर्कता के कारण मंडल ने उत्कृष्ट संरक्षा प्रदर्शन दर्ज किया है। उन्होंने यह भी कहा कि 14 हजार रेलकर्मियों के लिए कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं है।

समारोह में महाप्रबंधक स्तर पर विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से सम्मानित 16 रेलकर्मियों का अभिनंदन किया गया, वहीं विभिन्न विभागों के 101 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में मंडल रेल प्रबंधक ने सभी सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक बताया। कार्यक्रम का सफल संचालन कार्मिक विभाग द्वारा किया गया।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।







