चन्दौली । जनपद में सीबीएसई कक्षा 10वीं परीक्षा परिणाम 2026 में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का मान बढ़ाया है। दुलहीपुर स्थित सनबीम स्कूल मुगलसराय के छात्रों ने एक बार फिर उत्कृष्ट सफलता हासिल कर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता साबित की। विद्यालय के छात्र आरव राय ने 98.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल स्कूल बल्कि पूरे जिले में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं आशीष मौर्य ने 98.2 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। स्वास्तिका सिंह, अर्नव वर्मा और अविराज आनंद ने 97.60 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के कुल 26 विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक, 71 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक तथा 190 छात्रों ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। साथ ही 212 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की। विशेष रूप से 13 छात्रों ने एआई और डेटा साइंस विषय में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

विद्यालय की निदेशिका श्वेता कानूडिया और प्रधानाचार्या सौमिता चटर्जी ने छात्रों की मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए इसे गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
इसी क्रम में पड़ाव स्थित जैपुरिया स्कूल्स बनारस कैंपस के विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। यहां 14 छात्रों ने 95 प्रतिशत से अधिक, 51 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक और 130 छात्रों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। मनस्वी जैन ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अन्वेषा सिंह (98%) द्वितीय और नौरिता जैन व प्रार्थना गुप्ता (97.8%) संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
विभिन्न विषयों में भी छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसमें कई विद्यार्थियों ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया। यह परिणाम जिले की शिक्षा गुणवत्ता और विद्यार्थियों की लगन का प्रमाण है।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।







