बलिया: सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के जमुई गांव में करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय यूवक की मौत हो गई। सूचना पाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार जमुई निवासी राहुल राजभर पुत्र शिवबचन राजभर शुक्रवार शाम करीब 7 बजे शौच हेतु गांव के सरेह में जा रहा था। उसी दौरान एक खेत में ट्रांसफार्मर से टूट कर गिरे विद्युत प्रवाहित हाइटेंशन तार की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे गांव के कुछ लोगों ने खेत में गिरे राहुल को देखकर परिवार वालों को खबर किया।
खबर पाते ही परिवार वाले आनन-फानन में मौके पर पहुंचे खेत में पड़े राहुल को इलाज के लिये स्थानीय सीएचसी लाये, जहां जांच के बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। राहुल के मौत से परिवार वाले रोने-बिलखने लगे।
वहीं ग्रामीणों के अनुसार तार पिछले कई दिनों से वेसे ही गिरा हुआ था तथा करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी सूचना विभाग के जेई को कई बार दी गयी। उसके बावजूद भी उसके विद्युत को काटा नहीं गया। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है।










